Tuesday, February 23, 2021

घुटनों के दर्द में लहसुन का इस्तेमाल

 क्या "लहसुन" का इस्तेमाल घुटनों के दर्द में किया जा सकता है? अगर हाँ, तो किस विधि के द्वारा?

एक बहुत आजमाई हुई विधि है घुटनों के दर्द के लिए!

मेरे मम्मी पापा और मेरे सास ससुर, चारों लोग बुजुर्ग हैं और चारों को ही घुटनों और कमर दर्द की परेशानी है। जिसके लिए वो कई प्रकार के उपाय करते हैं जिसमें मुख्य रूप से रोज योगासन और प्राणायाम है और साथ में तेल मालिश।

मेरा परिवार वैष्णव है तो हमारे मम्मी पापा प्याज लहसुन का खाना नहीं खाते! लेकिन लहसुन का बाहरी उपयोग कर सकते हैं।

मेरी मम्मी एक तेल बनाती हैं घर पर - उसकी विधि मैं आपको बता रही हूँ। सरसों के तेल में गुडूची की लकड़ी, लहसुन और जायफल को उबालकर मम्मी यह तेल बनाती हैं।

गुडूची- गुडूची को गिलोय के नाम से भी जाना जाता है। आयुर्वेद में गिलोय को अमृता भी कहा गया है। गिलोय के बारे में कहा जाता है कि इसकी बेल जिस पेड़ पर चढ़ती है उसके गुण भी अपने अन्दर समाहित कर लेती है। आयुर्वेद में नीम के पेड़ पर चढी हुए गिलोय को सर्वोत्तम बताया गया है।

लहसुन- आयुर्वेद में लहसुन को अमृत तुल्य बताया गया है। लहसुन की भूरी भूरी प्रशंसा की गयी है। लशति खण्डयति रोगान अर्थात लहसुन अनेक रोगों का नाश करता है।

जायफल- इसके लिए कहा जाता है कि यह वेदनाहर है। जब तेल में इसे पकाते हैं और उस तेल से मालिश की जाये तो यह दर्द हर लेती है।

तो इतने गुणकारी चीजों के साथ बनाया गया यह तेल भी बहुत कारगर होता है।

सरसों के तेल में सूखी गुडूची /गिलोय की लकड़ी डालें और लहसुन और जायफल को कूट कर तेल में डालें। तेल को मध्यम धीमी आँच पर अच्छे से पकाना है। जब तेल पकता है तो इससे तेज महक उठती है जो अप्रिय लग सकती है। तेल को काफी पकाया जाया है जिससे सभी सामग्री का सत तेल में आ जाये।

तेल के पक जाने पर इसे ठंडा करके छान लें और बोतल में भरकर रख लें।

मम्मी सुबह शाम इस तेल से अपने और पापा दोनों के घुटनों की धीरे धीरे मालिश करती हैं। मम्मी का कहना है कि मालिश अहिस्ता और तब तक करनी चाहिए जब तक त्वचा तेल सोख ले।

यह तेल दर्द निवारक होता है। मम्मी इस तेल की बहुत तारीफ करती हैं। मम्मी के कहने पर कुछ और लोगों ने और मेरी सासू माँ ने भी इसे बनाया और मम्मी जी और पापा जी को भी इससे आराम मिला है।

आप चाहें तो इस विधि को आजमा सकते हैं।

एडिट- कई लोगों ने टिप्पणी में पुछा है कि किस चीज को कितनी मात्रा में लेना है तो मैं मोटा मोटी नाप तौल लिख रही हूँ।

लगभग आधा लीटर सरसों का तेल

1 लहसुन/ लगभग 10-12 कलियाँ अच्छे सी कूट कर डालें

2 जायफल, अच्छे से कूट कर डालें

50 ग्राम गुडूची की सूखी डंठल, छोटे टुकड़ों में तोड़ कर डालें

सभी सामग्री को मध्यम से धीमी आँच पर घंटा भर पकायें।

आशा है आपको इस तेल से आराम मिले!

With Thanks By - Suchi Agrawal

1 comment: