Saturday, September 15, 2012

वास्तविक उन्नति


लोग बोलते है, उन्नति-उन्नति लेकिन अपनी-अपनी मान्यता और कल्पना की उन्नति एक बात है। वास्तविक उन्नति कौन सी है? बढ़िया फर्नीचर है, बढ़िया खाने-पीने की चीजें बहुत हैं, घूमने के साधन बहुत है जिसमें भोग-साम्रगी बढ़ाने की वृति हो, वह समझों पैशाचिक उन्नति है। भोग साम्रगी बढ़ाकर जो अपने को बड़ा मानता है, समझो वह पिशाच-योनि की वासनावाला व्यक्ति है। जो धन बढ़ाकर अपने को बड़ा मानता है वह राक्षसी वृति का है। राक्षसों के पास खुब धन होता है। रावण के पास देखो सोने की लंका थी। मै रावण हुँ बड़ा धनी हुँ जो दुसरो पर अधिकार जमाकर अपने को बड़ा मानना चाहता है उसकी दानवी उन्नति है। दानव लोग दुसरों पर अधिकार जमाकर अपने को बड़ा बनाने में ही खप जाते है। जो सद्भाव का विकास करके बड़ा बनना चहाते है, सत्संग में जाकर जप-ध्यान करके, दीक्षा ले अपनी उन्नति करना चाहते है, उनका असली बड़प्पन का रास्ता अच्छी तरह से खुलने लगता है। वे ज्ञान-विज्ञान से तृप्त होकर असली पुरुषार्थ , पुरुषार्थ  अर्थ इति पुरुषार्थ :।  परमात्मा के अर्थ में शरीर को रखेगे, खायेंगे-पियेंगे, देंगे-लेंगे लेकिन महत्व भगवान को ही देंगे। उनमें सागर जैसी गम्भीरता आ जाती है। सागर के ऊपर की तरंगें खुब उछलती-कुदती है। लेकिन गहराई  में बड़ा शांत पानी, ऐसे ही वे नींद से उठेगें तो उनकी बुद्धि भगवान की गम्भीर उदधि की गहराई  जैसी अवस्था में होगी। जैसे श्रीरामचंद्रजी को राज्यभिषेक  की खबर मिली तो भी उछल-कुद नहीं। सागर की गहराई  में जैसे पानी गम्भीर रहता है, ऐसे ही रामचंद्रजी का स्वभाव शांत व गम्भीर रहा। वनवास मिला तो श्रीरामचंद्रजी के चहरे पर शिकन नहीं पड़ी, होता रहता है, संसार है।
खून पसीना बहाता जा, तान के चादर सोता जा,
यह नाव तो हिलती जायेगी, तु हँसता जा या रोता जा ।।
संसार है, बीतने दो। गम्भीरता से इसको देखो। ऐसा करने वाला व्यक्ति परमार्थ के रास्ते अच्छी तरह से तरक्की करता है। उसमें विनयी स्वभाव आ विराजता है। मै ऐसा हूँ  मै वैसा हूँ यह मान्यता उसकी क्षीण हो जाती है। मै भगवान का हूँ और  भगवान मेरे है सत्स्वरूप है, चेतनस्वरूप है आनंदस्वरूप है और सदा मेरा साथ निभाना वाला अगर कोई  है तो भगवान ही है। ऐसी ऊँची उसकी सूझबूझ हो जाती है। पिछले जन्म की माँ नहीं है, बाप नहीं है, मित्र नहीं है लेकिन अंतरात्मा तो वही का वही। बचपन के मित्र नहीं है, सखा नहीं है, स्नेही नहीं है। बचपन में जो मेरी तोतली भाषा  के साथ थे अथवा किशोर अवस्था में थे, वे न जाने कहाँ चले गए। उनको जानने वाला अभी भी परमात्मा मेरे साथ है। ऐसी सूझबूझ उसकी बढ़ती जाती है। उसका अंह अन्य वस्तु, अन्य व्यक्ति के फंदे में नहीं फँसता, उसका मैं मूलस्वरूप परमात्मा के मैं से स्फुरित होता है और उसी में शांति पाता है। उसमें तुच्छ अंहकार का अभाव हो जाता है। ऐसे जो वास्तविक उन्नति के रास्ते पर चलते है, उनको साधक कहते है। वे परम पद की साधना में ही उन्नति मानते है। चाहे रहने खाने की सुविधा अच्छी हो या साधारण, लेकिन चिंतन भगवान का, शांति भगवान में, चर्चा भगवान की, आनंद भगवान का, विनोद भगवान से, माधुर्य भगवान का तो ये वास्तविक उन्नति के धनी साधक आत्मसुख में, आत्मचर्चा में, आत्मज्ञान में, परमात्मरस में रसवान हो जाते है। ऐसे लोगों को कुछ बातों का ध्यान रखना होता है। पहला, अपने कर्म जाँचे की हम दूषित  कर्म तो नहीं करते अथवा दूषित  कर्मवालों के प्रभाव में तो हम खिंच नहीं जाते है। दूसरा, हमारे में धैर्य है कि नहीं। जरा-जरा सी बात में हम चिढ़ जाते है या प्रभावित हो जाते है, ऐसा तो नहीं है। तीसरा, आत्मनिरींक्षण करके महापुरुषो  के वचनों को आत्मसात् करने की तत्परता रखनी चाहिए। ऐसे लोगों को भगवान की प्राप्ति सुगम हो जाती है। उनमें भगवान के दिव्य गुण आने लगते है। प्रशांत चित्त, दयालु स्वभाव, स्वार्थरहित प्रेम, सदा सत्यचिंतन, सत्य में विश्रांति, साधननिष्ठा में दृढ़ता, सहृदयता, आस्था और श्रद्धा विश्वास, प्रभुप्रीति, पूर्ण आत्मीयता, प्रभु मेरे है, मैं प्रभु का हुँ और प्रभु के नाते सब मेरे है, मै सबका हुँ - ऐसे दिव्य गुणों में वे अपनी उन्नति मानते है। सचमुच यहीं उन्नति है। राजा भतर्हरि लिखते है कि मनुष्य जीवन में गुणी जनों का संग, संतजनों का संग, संतजनों का संत्सग और उनके मार्ग से परमात्मा में शांति, प्रीति-वास्तविक उन्नति यही है। सत्संग से राक्षसी उन्नति, मोहिनी उन्नति, तामसी उन्नति, राजसी उन्नति इनका आकर्षण  छूटकर असली उन्नति होती है। सत्संग के बिना की ये सब उन्नतियाँ अपनी-अपनी जगह पर व्यक्ति को उन्हीं दायरों में लगा देती है। लेकिन सत्संग के बाद पता चलता है कि वास्तविक उन्नति प्रजा की, राजा की और मानव की किसमें है? श्री योगवासिष्ठ महारामायण, के मुख्य श्रोता है भगवान रामजी और वक्ता है भगवान राम के गुरू वसिष्ठजी। वसिष्ठजी महाराज कहते है : हे राम जी। यदि आत्मतत्त्व की जिज्ञासा में हाथ में ठीकरा ले चंड़ाल के घर से भिक्षा ग्रहण करे तो वह भी श्रेष्ठ है पर मूर्खता से जीना व्यर्थ है। संसार को सत्य मानना, देह को मैंमानना, मिलने-बिछुडनेवाली चीजों के लिए सुखी-दु:खी होना- यह मूर्खता है। तुच्छ मति वाले प्राणी इसी में उलझते, जन्मते-मरते रहते है। मनुष्य भी ऐसे ही जिया और ऐसे ही मरा, प्रकृति के प्रभाव में परेशानीवाली योनि में भटकता रहा तो धिक्कार है उन उन्नतियों को।
आत्मलाभात् न परं विद्यते।
आत्मज्ञानात् न परं विद्यते।
आत्मसुखात् न परं विद्यते।
इन वचनों की तरफ ध्यान देकर वास्तविक उन्नति की तरफ चलना चाहिए। इंद्रियशुद्धि, भावशुद्धि और आत्मज्ञान देने वाले महापुरुषो  का मार्गदर्शन सच्ची उन्नति और शाश्वत उन्नति देता है, बाकी सब नश्वर उन्नतियाँ नाश की तरफ घसीट कर ले जाती है। अत: जहाँ सत्संग मिलता है उस स्थान का त्याग नही करना चाहिए। वास्तविक उन्नति अपने आत्मा-परमात्मा ज्ञान से, आत्मा-परमात्मा की प्रीति से, आत्मा-परमात्मा में विश्रांति पाने से होती है। जिसने सत्संग द्वारा परमात्मा में आराम करना सीखा, उसे ही वास्तव में आराम मिलता है। बाकी तो कहाँ है आराम? साँप बनने में भी आराम नही, भैंस बनने में भी आराम नही है। कुत्ता या कलंदर बनने में भी आराम नही, आराम तो है अंतर्यामी राम का पता बतानेवाले संतों के सत्संग में, ध्यान में योग में। वहाँ जो आराम मिलता है, वह स्वर्ग में भी कहाँ है। संत तुलसीदासजी कहते है :
तात स्वर्ग अपबर्ग सुख धरिअ तुला एक अंग।
तूल न ताहि सकल मिलि जो सुख लव सतसंग।।
(श्री रामचरित मानस)
सत्संग की बड़ी भारी महिमा है, बलिहारी है। मैं भगवान का हुँ भगवान मेरे है। संसार और शरीर पंचभौतिक है लेकिन जीवात्मा चैतन्य है, परमात्मा का है। परमात्मा के साथ हमारा संबंध शाश्वत है। पक्का निश्चय करो कि, आज से मैं भगवद्रस पिऊँगा। वास्तविक उन्नति का मर्म जानकर तुच्छ उन्नति को उन्नति मानने की गलती निकाल दुँगा। वास्तविक उन्नति जिसकी होती है, उसे तुच्छ उन्नति करनी नहीं पड़ती, अपने आप हो जाती है। गहरा श्वास लो और सवा मिनट श्वास रोककर जितना हो सके ॐ कार का जप करो, वास्तविक उन्नति बिल्कुल हाथों-हाथ। दस बार रोज करो, चालीस दिन के अनुष्ठान, मौन व एकांत से आपको चमत्कारिक अनुभव होने लगेगे। मुझे हुए है, तुमको क्यों नही होगे। मुझे मिला है तो तुम्हें क्यों नहीं मिलेगा।
(From Magazine: Rishi-Prasad)

No comments:

Post a Comment